
सड़क व सामुदायिक भवन निर्माण से ग्रामीणों को मिलेंगी बेहतर आधारभूत सुविधाएं
जयपुर: विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शनिवार को अजमेर जिले की खरेखड़ी ग्राम पंचायत में विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि गांवों को मजबूत आधारभूत सुविधाओं से सशक्त बनाकर ग्रामीण जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाया जाए। बजट घोषणाओं को धरातल पर उतारते हुए प्रत्येक गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाना सरकार का संकल्प है।
राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री की बजट घोषणा के अंतर्गत सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा ग्राम खरेखड़ी में परसाराम महाराज के मकान से राजकीय विद्यालय तक लगभग 42 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क निर्माण परियोजना का शुभारंभ किया गया। इस सड़क के निर्माण से विद्यार्थियों, स्कूल स्टाफ, ग्रामीणों और स्थानीय आवागमन को सुगमता मिलेगी तथा क्षेत्र की कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार होगा।
इसके साथ ही विधायक कोष के अंतर्गत ग्राम खरेखड़ी स्थित मुख्य हथाई के पास लगभग 16 लाख 65 हजार रुपये की लागत से प्रस्तावित सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सामुदायिक भवन के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए एक स्थायी एवं सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा, जिससे ग्राम स्तर पर सामुदायिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए जनभागीदारी आवश्यक है और सरकार जन आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रही है। आने वाले समय में भी आधारभूत जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों की श्रृंखला जारी रहेगी।
इस अवसर पर हनुमान महाराज, पाछू सिंह, साजन सिंह, राम सिंह रावत, दीपक शर्मा, सीताराम शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: वन राज्य मंत्री ने अलवर में शहरी समस्या समाधान शिविर का किया अवलोकन


