वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने राज्य सरकार की द्वितीय वर्षगांठ पर अलवर जिला विकास प्रदर्शनी का किया अवलोकन, ‘जिला विकास पुस्तिका’ का विमोचन

Facebook
X
WhatsApp
Email
Telegram

जयपुर: वर्तमान राज्य सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने मंगलवार को अलवर में ‘2 साल: नव उत्थान–नई पहचान, बढ़ता राजस्थान–हमारा राजस्थान’ थीम पर आधारित तीन दिवसीय जिला विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया तथा राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित ‘जिला विकास पुस्तिका’ का विमोचन किया।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन और अधिकारी उपस्थित रहे।

दो वर्षों की उपलब्धियों की दी विस्तृत जानकारी

वन राज्यमंत्री ने प्रेस ब्रिफिंग के दौरान राज्य सरकार के दो वर्षों में किए गए कार्यों और उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी। इसके पश्चात अतिथियों ने जिला विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में विगत दो वर्षों के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित फ्लैगशिप और जनकल्याणकारी योजनाओं, नवाचारों और उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है।

विकसित भारत 2047 के विजन को साकार कर रही राज्य सरकार

संजय शर्मा ने राज्य सरकार के दो वर्ष के सफलतम कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को साकार करने की दिशा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार राजस्थान के चहुंमुखी विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि बीते दो वर्षों में सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं। बजट वर्ष 2024-25 और 2025-26 में प्रदेश को विकास की ऐतिहासिक सौगातें दी गई हैं, जिनमें से अधिकांश घोषणाएं क्रियान्वित हो चुकी हैं और शेष प्रगतिरत घोषणाओं की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है।

अलवर को मिली विकास की ऐतिहासिक सौगातें

वन राज्यमंत्री ने बताया कि दोनों बजटों में अलवर जिले को विकास की अनेक ऐतिहासिक सौगातें दी गई हैं। इनमें रामजल सेतु लिंक परियोजना, सिलीसेढ़ पेयजल परियोजना, नटनी का बारा वियर से जयसमंद बांध तक नहर उन्नयन, भाखेड़ा एनीकट निर्माण, बायोलॉजिकल पार्क, विज्ञान केंद्र, डिजिटल प्लेनेटेरियम, अखैपुरा पुलिस थाना, अलवर शहर के हनुमान सर्किल और थानागाजी में बस स्टैंड निर्माण, नगर वन, मातृवन, गुरुनानक वाटिका, नमोवन, कन्या महाविद्यालय, महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज, बालिका सैनिक स्कूल एवं केंद्रीय विद्यालय जैसी योजनाएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इन सभी परियोजनाओं को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ धरातल पर उतारा जा रहा है।

पेयजल, स्वच्छता और पर्यावरण में उल्लेखनीय प्रगति

संजय शर्मा ने कहा कि अलवर शहर की पेयजल समस्या के समाधान के लिए एमएलए लैड की एक वर्ष की संपूर्ण राशि पेयजल को समर्पित की गई है। साथ ही चंबल नदी आधारित वृहद पेयजल परियोजना से अलवर को जोड़ने के प्रयास किए गए हैं, जिससे जिले की जलापूर्ति व्यवस्था में और अधिक सुधार होगा।
उन्होंने बताया कि स्वच्छता के क्षेत्र में जिला प्रशासन के प्रयासों से अलवर स्वच्छता रैंकिंग में 364वें स्थान से 54वें स्थान पर पहुंचा है। इसके अलावा वायु सर्वेक्षण में 130 शहरों की श्रेणी में अलवर को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है।

18 दिसंबर तक आमजन के लिए खुली प्रदर्शनी

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक मनोज कुमार ने बताया कि जिला विकास पुस्तिका और प्रदर्शनी में राज्य सरकार के दो वर्षों के विकास कार्यों और विभागीय उपलब्धियों को फ्लेक्स और स्टॉल्स के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है, जिसे आमजन द्वारा सराहा जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला विकास प्रदर्शनी 18 दिसंबर तक कार्यालय समय प्रातः 9:30 बजे से सायं 6 बजे तक आमजन के अवलोकन के लिए खुली रहेगी।

ये भी पढ़ें: लोक संस्कृति और संगीत के साथ विकास व विश्वास का जश्न, जेकेके परिसर में रंगों से सराबोर हुई राज्य स्तरीय प्रदर्शनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *