
लंबित एवं नए प्रकरणों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
जयपुर: वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने शनिवार को अलवर नगर निगम एवं नगर विकास न्यास कार्यालय में राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित शहरी समस्या समाधान शिविर का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने आमजन से संवाद किया और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को पट्टे एवं प्रमाण पत्र वितरित किए।
राज्यमंत्री ने शिविर में लगाई गई विभिन्न विभागों की स्टॉलों का गहन निरीक्षण किया और शहरवासियों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी लंबित एवं नए प्रकरणों का नियमानुसार, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत दी जा रही छूटों और सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में चल रहे ये शिविर और योजनाएं जनकल्याण की भावना से प्रेरित हैं, जो प्रशासन की पारदर्शिता और आमजन के विश्वास को मजबूत कर रही हैं।
राज्यमंत्री ने आमजन से इन शिविरों का जागरूक होकर लाभ उठाने की अपील की। साथ ही आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण में अलवर को बेहतर रैंक दिलाने के लिए नगर निगम का सहयोग करने, अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त रखने का आह्वान किया।
परिवेदनाओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
राज्यमंत्री ने शिविर में आमजन की परिवेदनाएं सुनते हुए अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरियादियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए परिवेदनाओं का गुणवत्ता के साथ समाधान कर उन्हें समय पर सूचना दी जाए।


