
जयपुर: उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा ने बुधवार को सिविल लाइन स्थित अपने राजकीय आवास पर जनसुनवाई आयोजित कर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान उन्होंने कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को फोन पर निर्देश देकर समस्याओं का मौके पर ही समाधान करवाया।
डॉ. बैरवा ने शेष लंबित समस्याओं के संबंध में फरियादियों को आश्वस्त किया कि वे स्वयं इनकी मॉनिटरिंग कर समाधान सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि जिस स्तर की समस्या होगी, उसी स्तर पर संबंधित अधिकारियों से बात कर उसका समाधान करवाया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर समस्या समाधान के लिए अतिरिक्त बजट भी जारी किया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने उपस्थित सभी लोगों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को सजग और जागरूक बनकर अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी रखें और यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।
डॉ. बैरवा ने कहा कि सभी पात्रों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित कर विकसित भारत@2047 और विकसित राजस्थान@2047 के संकल्प को साकार करने में आमजन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।


