
जयपुर: राजस्थान के गृह राज्य मंत्री श्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कांग्रेस के तीन सांसदों—संजना जाटव (भरतपुर), राहुल कस्वां (चूरू) और बृजेन्द्र सिंह ओला (झुन्झुनूं) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सोमवार को जारी एक बयान में बेढ़म ने कहा कि इन सांसदों ने अपने संसदीय क्षेत्रों के विकास की बलि चढ़ाकर, केंद्रीय नेतृत्व की खुशामद के लिए सांसद निधि (MP-LADS) का करोड़ों रुपया हरियाणा के कैथल में खर्च कर दिया है।
नियमों को ताक पर रखकर ‘राजनीतिक खुशामद’
श्री बेढ़म ने कहा कि ये सांसद अपने राजनीतिक भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला के बेटे आदित्य सिंह सुरजेवाला के विधानसभा क्षेत्र (कैथल) में पैसा लगा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नियमों के मुताबिक, एक सांसद अपने क्षेत्र के बाहर अधिकतम 25 लाख रुपये प्रतिवर्ष ही खर्च कर सकता है, लेकिन इन सांसदों ने संयुक्त रूप से लगभग 1.20 करोड़ रुपये कैथल भेज दिए हैं।
किस सांसद ने कितनी राशि की डायवर्ट?
मंत्री द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार:
• राहुल कस्वां (चूरू): 50 लाख रुपये
• संजना जाटव (भरतपुर): 45 लाख रुपये
• बृजेन्द्र सिंह ओला (झुन्झुनूं): 25 लाख रुपये
भरतपुर में एक भी कार्य पूर्ण नहीं, अलवर और कैथल पर मेहरबानी
गृह राज्य मंत्री ने विशेष रूप से भरतपुर सांसद संजना जाटव को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उन्होंने 142 कार्य अनुशंसित किए थे, जिनमें से केवल 37 पूर्ण हुए और वे भी अलवर जिले में। भरतपुर जिले में एक भी कार्य पूरा नहीं हुआ, जबकि कैथल के लिए 45 लाख रुपये तुरंत जारी कर दिए गए।


