
राजस्थान संपर्क पोर्टल और हेल्पलाइन 181 बना प्रदेशवासियों के भरोसे का मजबूत माध्यम
जयपुर: मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार संवेदनशीलता और तत्परता के साथ आमजन की समस्याओं का समाधान कर रही है। राज्य सरकार द्वारा संचालित राजस्थान संपर्क पोर्टल एवं हेल्पलाइन 181 आज प्रदेशवासियों के लिए शिकायत निवारण, सूचना और संवाद का एक भरोसेमंद मंच बनकर उभरा है।
राजस्थान संपर्क पोर्टल नागरिकों को एक ही प्लेटफॉर्म पर सरल, सुगम, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान उपलब्ध करा रहा है। यह व्यवस्था न केवल शिकायत दर्ज करने का माध्यम है, बल्कि सरकार और नागरिकों के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी भी साबित हो रही है।
मुख्यमंत्री स्वयं करते हैं समस्याओं की सुनवाई
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा समय-समय पर स्वयं हेल्पलाइन 181 के कॉल सेंटर पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनते हैं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश देते हैं। इससे प्रशासनिक व्यवस्था में संवेदनशीलता और जवाबदेही सुनिश्चित हो रही है।
एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली
राजस्थान संपर्क पोर्टल एक एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली के रूप में कार्य कर रहा है, जिसके माध्यम से शिकायतें तय समय सीमा में संबंधित विभागों तक पहुंचाई जाती हैं। साथ ही शिकायतकर्ता को निरंतर अपडेट और फीडबैक की सुविधा भी दी जाती है।
समयबद्ध समाधान के उदाहरण
हनुमानगढ़ निवासी श्री प्रभुराम के जाति प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्या राजस्थान संपर्क पर दर्ज होने के मात्र दो दिनों में हल कर दी गई। राजस्व विभाग ने शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रमाण पत्र जारी किया, जिससे शिकायतकर्ता ने संतोष व्यक्त किया।
इसी प्रकार कोटा निवासी श्रीमती शिवानी रजत के जनआधार में आय प्रमाण पत्र अपडेट न होने की समस्या भी राजस्थान संपर्क के माध्यम से तीन दिनों में सुलझाई गई।
सफाई, बिजली और पानी जैसी समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई
बीकानेर निवासी श्री गोविंद सिंह की सफाई संबंधी शिकायत पर नगरपालिका ने तुरंत कार्रवाई कर क्षेत्र में सफाई करवाई।
बारां जिले के अंता क्षेत्र में नाले का गंदा पानी सड़क पर बहने की समस्या का भी उसी दिन समाधान किया गया।
भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर निवासी किसान श्री श्यामलाल के खेत में बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर दो दिन में विद्युत आपूर्ति बहाल की गई।
वहीं सलूम्बर और सवाईमाधोपुर में पाइपलाइन और हैंडपंप से जुड़ी पेयजल समस्याओं का भी समय पर समाधान किया गया।
जनसेवा की सच्ची मिसाल
इन सभी उदाहरणों से स्पष्ट है कि जब नागरिक अपनी समस्या सही मंच पर रखते हैं, तो प्रशासन भी पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता से समाधान करता है।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 सरकार और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बन चुकी है, जहां हर शिकायत सिर्फ दर्ज नहीं होती, बल्कि जमीनी स्तर पर कार्रवाई के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाता है।
यह भी पढ़ें: राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से ब्रिटेन कंजर्वेटिव पार्टी के वरिष्ठ नेता बॉब ब्लैकमैन की मुलाकात


