राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से ब्रिटेन कंजर्वेटिव पार्टी के वरिष्ठ नेता बॉब ब्लैकमैन की मुलाकात

Facebook
X
WhatsApp
Email
Telegram

भारत–ब्रिटेन संसदीय संबंधों को मिला नया आयाम
जयपुर: ब्रिटेन की कंजर्वेटिव पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद बॉब ब्लैकमैन ने राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से विधानसभा परिसर में शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात भारत और ब्रिटेन के बीच संसदीय संवाद, लोकतांत्रिक मूल्यों और आपसी सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मुलाकात के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने राजस्थान विधानसभा की कार्यप्रणाली, परंपराओं और आधुनिक नवाचारों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि राजस्थान विधानसभा स्थापत्य कला की दृष्टि से बेजोड़ है और डिजिटल विधानसभा, ई-विधान प्रणाली, विधायकों के डिजिटल हस्ताक्षर, संविधान गैलरी, वंदे मातरम् गैलरी और कारगिल शौर्य वाटिका जैसे नवाचारों के माध्यम से लोकतंत्र को आधुनिक तकनीक और राष्ट्रीय चेतना से जोड़ा गया है।
देवनानी ने राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन संभावनाओं और सामाजिक समरसता की परंपरा पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राजस्थान केवल ऐतिहासिक धरोहरों के लिए ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और जनभागीदारी के लिए भी देश-विदेश में जाना जाता है। इस अवसर पर बॉब ब्लैकमैन को विधानसभा भवन एवं विभिन्न गैलरियों का अवलोकन भी कराया गया।
ब्रिटिश सांसद बॉब ब्लैकमैन ने भारतीय लोकतंत्र की मजबूती और संसदीय परंपराओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और उसकी संसदीय प्रणाली वैश्विक स्तर पर एक प्रेरक उदाहरण है। उन्होंने दोनों देशों की संसदीय प्रणालियों में समानताओं का उल्लेख करते हुए अनुभवों के आदान-प्रदान पर जोर दिया।
बैठक के दौरान भारत–ब्रिटेन के ऐतिहासिक संबंधों, वर्तमान वैश्विक परिदृश्य और भविष्य की साझेदारी पर भी चर्चा हुई। ब्लैकमैन ने भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था, तकनीकी प्रगति और अंतरराष्ट्रीय मंच पर उसकी प्रभावी भूमिका की प्रशंसा की। साथ ही, दोनों नेताओं ने विश्व शांति, पर्यावरण, स्वच्छता और शहरीकरण से जुड़ी चुनौतियों पर भी विचार साझा किए।
मुलाकात के अंत में शिक्षा, संस्कृति, पर्यटन और संसदीय प्रशिक्षण जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर सहमति बनी। विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने विश्वास जताया कि इस प्रकार की अंतरराष्ट्रीय संसदीय मुलाकातें भारत की लोकतांत्रिक छवि को वैश्विक स्तर पर और मजबूत करेंगी। वहीं बॉब ब्लैकमैन ने राजस्थान की मेहमाननवाजी के लिए आभार जताया।
उल्लेखनीय है कि पद्मश्री सम्मान (2020) से अलंकृत बॉब ब्लैकमैन ब्रिटिश संसद में भारत एवं भारतीय समुदाय के सशक्त मित्र के रूप में ख्यात हैं। इससे पूर्व देवनानी की लंदन यात्रा के दौरान दोनों के बीच सार्थक संवाद हुआ था, जिसके निमंत्रण पर वे राजस्थान विधानसभा पहुंचे।
इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सी.पी. जोशी, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, विधायक कालीचरण सर्राफ, अर्जुनलाल जीनगर, रफीक खान तथा विधानसभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *