
नई दिल्ली/कोलकाता: आईपीएल 2026 के आगाज़ से पहले ही कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खेमे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कड़ा रुख अपनाते हुए KKR को आदेश दिया है कि वे बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान (Mustafizur Rahman) को अपनी टीम से तुरंत बाहर करें। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए कहा कि मौजूदा “हालातों और घटनाक्रमों” को देखते हुए यह कदम उठाना अनिवार्य था।
शाहरुख खान पर लगे ‘देशद्रोही’ होने के आरोप
विवाद की शुरुआत तब हुई जब KKR ने दुबई नीलामी में मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये की मोटी रकम देकर खरीदा। बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों (हिंदुओं) पर हो रहे हमलों और तनावपूर्ण द्विपक्षीय संबंधों के बीच एक बांग्लादेशी खिलाड़ी को टीम में शामिल करना कई लोगों को रास नहीं आया।
• राजनीतिक हमला: बीजेपी नेता संगीत सोम ने शाहरुख खान को सीधे ‘देशद्रोही’ करार देते हुए कहा कि जो पैसा भारत के लोगों ने दिया, उसे शाहरुख उन देशों के खिलाड़ियों पर लुटा रहे हैं जो भारत के खिलाफ हैं।
• संतों का आक्रोश: आध्यात्मिक गुरु रामभद्राचार्य और कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि शाहरुख का झुकाव हमेशा से देश विरोधी रहा है और इस खिलाड़ी को शामिल करना भारत की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है।
कांग्रेस बनाम बीजेपी: छिड़ी जुबानी जंग
इस विवाद में राजनीति भी पूरी तरह हावी रही। कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा कि ये संत ‘सत्ता द्वारा प्लांटेड’ लोग हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पाकिस्तान के साथ मैच होते हैं या व्यापार होता है, तब ये नेता चुप क्यों रहते हैं?
KKR को करोड़ों का फटका और गेंदबाजी का संकट
मुस्तफिजुर रहमान को बाहर करने से KKR को दोहरा नुकसान झेलना पड़ सकता है:
1. वित्तीय नुकसान: 9.20 करोड़ की भारी भरकम राशि का क्या होगा, इस पर अभी सस्पेंस बरकरार है। हालांकि नियमों के मुताबिक, रिप्लेसमेंट मिलने पर बोर्ड कुछ राहत दे सकता है।
2. गेंदबाजी का संतुलन: ईडन गार्डन्स की धीमी पिच पर मुस्तफिजुर की ‘कटर’ गेंदें KKR का मुख्य हथियार थीं। अब डेथ ओवर्स की पूरी जिम्मेदारी पथिराना और भारतीय तेज गेंदबाजों के कंधों पर आ गई है।
क्या रद्द होगी भारत-बांग्लादेश सीरीज?
जानकारों का मानना है कि इस विवाद की आग सिर्फ IPL तक सीमित नहीं रहेगी। जिस तरह के हालात बने हैं, उससे आने वाली भारत बनाम बांग्लादेश सीरीज पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं। अगर सीमा पार सियासी सरगर्मी कम नहीं हुई, तो क्रिकेट फैंस को एक बड़ा झटका लग सकता है।
यह भी पढ़े :


