
जयपुर: राज्य सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे ग्रामीण सेवा फॉलोअप शिविरों की श्रृंखला के तहत बुधवार को कोटा जिले की रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र के उंडवा गांव में ग्रामीण सेवा फॉलोअप शिविर आयोजित किया गया। शिविर में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने भाग लिया और विभिन्न विभागों द्वारा निस्तारित प्रकरणों की समीक्षा की।
शिविर के दौरान मंत्री ने 8 ग्रामीणों को आवासीय पट्टे, 18 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र तथा एक दंपति को विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध निस्तारण हो।
शिक्षा मंत्री ने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों का पूर्ण विवरण तैयार कर भेजा जाए। उन्होंने सभी विभागों से निस्तारित प्रकरणों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा जिन प्रकरणों का निस्तारण नहीं हुआ है, उनके कारण स्पष्ट करने के निर्देश भी दिए।

लाभार्थियों को मिलेगा बधाई संदेश
मदन दिलावर ने कहा कि जिन ग्रामीणों के प्रकरणों का निस्तारण हो चुका है, उन्हें सरकार की ओर से बधाई संदेश उनके घर भेजा जाएगा। इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित सभी ग्रामीण सेवा शिविरों के लाभार्थियों की सूची नाम, मोबाइल नंबर और पते सहित उपलब्ध कराई जाए। लाभार्थियों को व्हाट्सएप के माध्यम से भी संदेश भेजा जाएगा। वहीं, जिन आवेदनों का निस्तारण नहीं हो पाया है, उन्हें भी कारण सहित पत्र भेजकर अवगत कराया जाएगा।
इस अवसर पर शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री ने ग्राम पंचायत उंडवा में बर्तन बैंक का शुभारंभ भी किया, जिससे ग्रामीणों को सामाजिक आयोजनों में सुविधा मिल सकेगी।
यह भी पढ़ें: नव उत्थान–नई पहचान, बढ़ता राजस्थान–हमारा राजस्थान


