

जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि स्वच्छता समाज और सरकार की साझा जिम्मेदारी है तथा राज्य सरकार राजस्थान को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे स्वच्छता योद्धाओं का सम्मान और सहयोग करें, जिससे स्वच्छता अभियान को और अधिक गति मिल सके। मुख्यमंत्री ने सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने का भी आह्वान किया।
मुख्यमंत्री रविवार को जल महल की पाल पर आयोजित राज्य स्तरीय स्वच्छता जागरूकता एवं श्रमदान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जल महल हमारी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर है तथा सार्वजनिक स्थलों और धरोहरों को स्वच्छ रखना प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक स्वच्छ पर्यावरण के लिए बड़ी चुनौती है, जिसे रोकने के लिए राज्य सरकार ने ठोस एक्शन प्लान तैयार किया है।
मुख्यमंत्री ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जल महल की पाल पर श्रमदान कर झाड़ू लगाई, कचरा संग्रहित किया तथा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।
मुख्यमंत्री ने स्वच्छता योद्धाओं को पीपीई किट, चयनित लाभार्थियों को पीएम स्वनिधि योजना के चेक वितरित किए तथा रोड स्वीपिंग मशीनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही उन्होंने ‘इंप्लिमेंटेशन प्लान फॉर सिंगल यूज प्लास्टिक फ्री सिटीज’ पुस्तिका का विमोचन किया और स्वच्छता कर्तव्य पट्ट पर हस्ताक्षर किए।
स्वच्छ भारत मिशन से बदली देश की सोच
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 अक्टूबर 2014 को शुरू किए गए स्वच्छ भारत मिशन ने देश में स्वच्छता को जनआंदोलन बना दिया है। इससे न केवल सड़कें और नालियां साफ हुई हैं, बल्कि लोगों की आदतों और सोच में भी बड़ा बदलाव आया है। अब तक देशभर में 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में शुरू हुआ ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान इस मिशन का मजबूत स्तंभ बनकर उभरा है।
राजस्थान में 42,492 गांव ओडीएफ प्लस घोषित
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत राजस्थान में 2.62 लाख व्यक्तिगत एवं 4 हजार से अधिक सामुदायिक शौचालयों का निर्माण किया गया है। वहीं 42,492 से अधिक गांवों को ओडीएफ प्लस घोषित किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान ने जल स्रोतों, सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों और विद्यालयों की साफ-सफाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
पारदर्शी भर्तियां, भ्रष्टाचार पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के रोजगार के सपनों को गंभीरता से पूरा कर रही है। दो वर्षों में 92 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं। आने वाले समय में 20 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे तथा 1.53 लाख से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ और भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है।
बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं पर फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, देवास, माही बांध, सोम-कमला-अंबा परियोजनाओं के माध्यम से जल उपलब्धता बढ़ाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों, घरेलू उपभोक्ताओं और उद्योगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और प्रदेश के 22 जिलों में किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है।
पीएम स्वनिधि योजना से स्ट्रीट वेंडर्स सशक्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना स्ट्रीट वेंडर्स के लिए आशा और आत्मनिर्भरता का माध्यम बनी है, जिससे वे आर्थिक रूप से मजबूत हो रहे हैं।

इस अवसर पर सांसद मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा और बालमुकुंदाचार्य, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, प्रमुख शासन सचिव नगरीय विकास एवं आवासन डॉ. देबाशीष पृष्टी, जयपुर नगर निगम प्रशासक पूनम सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।


