
जयपुर: विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी का बुधवार को विधानसभा परिसर में उदयपुर की विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा मेवाड़ी पगड़ी, दुपट्टा पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मान किया गया।

अभिनंदन पत्र में उल्लेख किया गया कि वासुदेव देवनानी राजस्थान के प्रमुख राजनेताओं में शामिल हैं तथा अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2003 से लगातार विधायक निर्वाचित होने का रिकॉर्ड रखते हैं। उन्हें शिक्षा, सामाजिक सेवा, करुणा, वाकपटुता और विचारशील नेतृत्व के लिए जाना जाता है।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने वृक्षम अमृतम सेवा संस्थान, उदयपुर द्वारा किए गए वृक्षारोपण अभियान के लिए प्राप्त लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का अवलोकन किया और संस्थान के पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मनोहर लाल व्यास, गोपेश शर्मा, यशवंत त्रिवेदी और नीलेश पालीवाल को मेवाड़ी पगड़ी व दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया।
देवनानी ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम के गुमनाम शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों की वीर गाथाओं को 21 हजार फीट लंबी कपड़े की पट्टी पर अंकित करने वाले मनोज आंचलिया और सीमा वेद को भी सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान की स्मृति को जीवंत रखना समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इससे नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।
यह भी पढ़ें: दिवंगत स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में राजकीय भवनों के नामकरण पर मंत्रिपरिषद् उप समिति की बैठक आयोजित


