राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने सरदार पटेल पुलिस विश्वविद्यालय की समीक्षा बैठक ली

Facebook
X
WhatsApp
Email
Telegram

जयपुर। राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ बागडे ने सरदार पटेल पुलिस, सुरक्षा एवं आपराधिक न्याय विश्वविद्यालय में अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, परिणामोन्मुख अनुसंधान, परीक्षा प्रणाली, नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन, सामुदायिक सेवाओं तथा छात्र कल्याण से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
राज्यपाल ने निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय दीर्घकालीन कार्ययोजना बनाकर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों को सुव्यवस्थित और परिणामोन्मुख बनाए। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम, प्रशिक्षण मॉड्यूल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां इस प्रकार विकसित की जाएं कि विद्यार्थियों को पुलिस एवं रक्षा सेवाओं की प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी में प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
उन्होंने एजी ऑडिट नियमित रूप से करवाने, प्रशासनिक पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन को सुदृढ़ करने तथा परीक्षा प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी और सुरक्षित बनाने पर बल दिया। साथ ही राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर उच्चस्तरीय अनुसंधान को प्रोत्साहित करने और प्रति माह प्रतिष्ठित विद्वानों को आमंत्रित कर ज्ञान-सहभागिता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय राष्ट्र निर्माण का वैचारिक केंद्र बने, जहां से अनुशासित, राष्ट्रनिष्ठ और नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण नेतृत्व तैयार हो। उन्होंने नई शिक्षा नीति के अनुरूप भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक अनुसंधान के समन्वय पर जोर दिया।
उन्होंने विद्यार्थियों के बौद्धिक और शारीरिक विकास के लिए खेल, व्यायाम, नेतृत्व प्रशिक्षण एवं व्यवहारिक अभ्यास को शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बनाने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण हेतु नियमित वृक्षारोपण अभियान और पौधों के संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।
कुलगुरु डॉ. आलोक त्रिपाठी ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, एनईपी-2020 के क्रियान्वयन, परीक्षा सुधार, अनुसंधान परियोजनाओं एवं उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *