जनभागीदारी से सेना दिवस परेड–2026 बनेगा शौर्य एवं पराक्रम का महोत्सव, आमजन SSO ID से कर सकेंगे ऑनलाइन पंजीकरण

Facebook
X
WhatsApp
Email
Telegram

जयपुर: राज्य सरकार द्वारा जयपुर में आयोजित होने वाली सेना दिवस परेड–2026 को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आमजन अब SSO ID के माध्यम से Army Day Parade 2026 पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर परेड का साक्षी बन सकेंगे।
माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप सेना दिवस परेड के सफल, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित आयोजन हेतु सामान्य प्रशासन विभाग एवं जयपुर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक नागरिक इस राष्ट्रीय गौरव के आयोजन में सहभागी बनें और भारतीय सेना के शौर्य एवं पराक्रम को नजदीक से देखें।
जगतपुरा (महल रोड), जयपुर में 9, 11, 13 एवं 15 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाली सेना दिवस परेड को लेकर आमजन में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। इच्छुक नागरिक https://sso.rajasthan.gov.in पर अपनी SSO ID से लॉगिन कर Citizen App के अंतर्गत G2C श्रेणी में उपलब्ध “Army Day Parade Registration” विकल्प के माध्यम से मात्र दो कॉलम भरकर पंजीकरण कर सकते हैं। एक व्यक्ति अधिकतम दो पंजीकरण कर सकता है, वहीं ई-मित्र केंद्रों के माध्यम से भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है।
पंजीकरण पूर्ण होने के पश्चात आवेदक को एसएमएस के माध्यम से पुष्टि संदेश प्राप्त होगा, जिसमें कार्यक्रम से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश, रूट मैप एवं पार्किंग मैप की जानकारी उपलब्ध रहेगी। आवेदक अपनी सुविधा अनुसार परेड देखने की तिथि का चयन भी कर सकता है। पंजीकरण सुविधा 06 जनवरी 2026 (सायं) से 14 जनवरी 2026 तक उपलब्ध रहेगी।
परेड अवलोकन हेतु पंजीकृत नागरिकों को प्रातः 8.45 बजे तक परेड स्थल पर पहुँचना अनिवार्य होगा। सुरक्षा कारणों से ड्रोन, कैमरा, बैग, लेडीज पर्स, ज्वलनशील पदार्थ, नुकीली वस्तुएं एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
सेना दिवस सप्ताह के अंतर्गत 08 जनवरी 2026 को भवानी निकेतन संस्थान में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा “Know Your Army” कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा, जिसमें सेना के आधुनिक सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन एवं लाइव डेमोंस्ट्रेशन होगा। वहीं 10 एवं 15 जनवरी 2026 को एसएमएस स्टेडियम, जयपुर में “शौर्य संध्या” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
सेना दिवस परेड–2026 के लिए विकसित यह पोर्टल आमजन को पारदर्शी, सरल एवं सुव्यवस्थित प्रवेश प्रणाली प्रदान करता है, जिससे राष्ट्रीय पर्व को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *