भाजपा सरकार में राजस्थान नई पहचान के साथ प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है: संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल

Facebook
X
WhatsApp
Email
Telegram

जयपुर: संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में बीते दो वर्षों में राजस्थान ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। प्रदेश नई पहचान के साथ तेज़ी से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

पटेल ने कहा कि कांग्रेस के पांच वर्ष के शासनकाल और भाजपा सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल के तुलनात्मक विकास आंकड़े अब मीडिया के माध्यम से प्रदेश की 8 करोड़ जनता के सामने आ चुके हैं। इन आंकड़ों से कांग्रेस नेता असहज हो गए हैं और उनके पास कोई ठोस जवाब नहीं बचा है।

कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी निराधार

संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली द्वारा की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनर्गल बयानबाजी की गई है। उन्होंने किसान सम्मान निधि को लेकर सवाल उठाए, जबकि भाजपा सरकार ने अपने वादे के अनुरूप केवल दो वर्षों में ही किसान सम्मान निधि को 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये कर दिया है। यह राशि आगामी समय में 12 हजार रुपये तक की जाएगी।

कृषि और मूलभूत सुविधाओं में ऐतिहासिक सुधार

जोगाराम पटेल ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में यूरिया, खाद, डीएपी और बीज की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि वह अपने कार्यकाल के दौरान की गई व्यवस्थाओं का तुलनात्मक विवरण जनता के सामने रखे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पेयजल योजनाओं को जानबूझकर लटकाया, भटकाया और अटकाया, जबकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने प्रदेश की महत्वपूर्ण पेयजल परियोजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य किया है।

निवेश और विकास की नई गति

संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में राजस्थान में 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतरे हैं, जो प्रदेश की आर्थिक मजबूती और औद्योगिक विकास का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि आज राजस्थान विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है और हर क्षेत्र में प्रगति दिखाई दे रही है।

सकारात्मक राजनीति की अपील

जोगाराम पटेल ने कहा कि कांग्रेस को नकारात्मक राजनीति छोड़कर सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। प्रदेश के विकास में सहयोग करना समय की आवश्यकता है। जनता अब विकास चाहती है, आरोप-प्रत्यारोप नहीं।

ये भी पढ़ें : राज्य सरकार के दो वर्ष: समृद्ध और विकसित राजस्थान की सशक्त बुनियाद रखी – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *