बीकानेर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस का ध्यान हमेशा भ्रष्टाचार में ही रहता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य में किसी भी भ्रष्टाचारी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीति के अनुरूप राजस्थान में भाजपा सरकार जीरो टॉलरेंस टू करप्शन की नीति पर काम कर रही है। भ्रष्टाचार के प्रति सरकार का रवैया बिल्कुल स्पष्ट और कठोर है।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार को न तो सहन करेगी और न ही संरक्षण देगी। शासन और प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा सरकार को सुशासन और ईमानदार शासन के लिए जनादेश दिया है और सरकार इस विश्वास पर पूरी तरह खरी उतर रही है। आने वाले समय में भी भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई और अधिक तेज़ की जाएगी।


