मुख्यमंत्री की विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात, निवेशकों की सहूलियत हमारी नीतियों का केंद्र बिंदु: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

Facebook
X
WhatsApp
Email
Telegram

जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों की आवश्यकताओं और सुविधाओं को केंद्र में रखते हुए नीतियों का निर्माण कर रही है। इसी दिशा में राजस्थान ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर पॉलिसी, राजस्थान डेटा सेंटर पॉलिसी और राजस्थान एआई-एमएल पॉलिसी जैसी महत्वपूर्ण नीतियां लागू की गई हैं, जो राजस्थान को सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एक मजबूत हब के रूप में स्थापित करेंगी।
मुख्यमंत्री रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट-2026 के तहत आमंत्रित विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधिमंडल से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में हुए 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू में से 8 लाख करोड़ रुपये की ग्राउंड ब्रेकिंग होना निवेशकों के राज्य में विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की अनमोल मिट्टी में निवेश करने से आत्मसंतुष्टि की अनुभूति भी होती है।
तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में ग्लोबल लीडर बनेगा राजस्थान


मुख्यमंत्री ने निवेशकों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में राजस्थान आएं, राज्य सरकार उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर राजस्थान को तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में ग्लोबल लीडर बनाएंगे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निवेशकों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने और उनके सुझावों व आवश्यकताओं पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है और राजीविका से जुड़ी महिलाओं को स्टार्टअप्स से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश में 7 हजार से अधिक आईटी स्टार्टअप
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि प्रदेश में अनुकूल औद्योगिक वातावरण का निर्माण तेजी से हो रहा है। ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर, डेटा सेंटर और एआई-एमएल नीतियों के साथ-साथ 7 हजार से अधिक आईटी स्टार्टअप्स का मजबूत नेटवर्क राजस्थान में सूचना प्रौद्योगिकी और आईटी सक्षम सेवाओं को नई दिशा दे रहा है।
विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर राजस्थान


कंपनियों के प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मेडिकल साइंस, ग्रीन इन्वेस्टमेंट, स्टार्टअप्स, मैन्युफैक्चरिंग, डेटा, स्किल डेवलपमेंट और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर अपने सुझाव रखे।
उल्लेखनीय है कि जयपुर के जेईसीसी में 4 जनवरी से तीन दिवसीय राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट का आयोजन किया जा रहा है। इस समिट में 10 हजार से अधिक प्रतिभागी, 500 से अधिक निवेशक और 300 से अधिक प्रदर्शक भाग ले रहे हैं। यह आयोजन स्टार्टअप्स, विद्यार्थियों और निवेशकों को वैश्विक डिजिटल नवाचारों से जोड़ने का सशक्त मंच प्रदान कर रहा है।

यह भी पढ़ें: वसुंधरा राजे का सरकार और अफसरशाही को सख्त संदेश, क्या हैं इसके राजनीतिक मायने?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *