
जयपुर: सूचना प्रौद्योगिकी और संचार मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने रविवार को जयपुर में आयोजित राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट–2026 का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज प्रौद्योगिकी अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के सशक्तीकरण का सशक्त माध्यम बन चुकी है। गांव और दूरदराज़ क्षेत्रों का नागरिक भी सूचना प्रौद्योगिकी के जरिए वैश्विक तंत्र से जुड़ रहा है।
कर्नल राठौड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार की एआई और तकनीकी नीतियों, दक्ष युवा संसाधनों और अनुकूल निवेश वातावरण के कारण राजस्थान आज तकनीकी क्षेत्र में निवेश के लिए एक आदर्श गंतव्य बन चुका है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में उद्योग, रोजगार, शिक्षा और कृषि सहित सभी क्षेत्रों में एआई के उपयोग को प्रोत्साहित किया जा रहा है। आईस्टार्ट के माध्यम से हजारों स्टार्टअप्स को बढ़ावा दिया जा रहा है।
तकनीकी क्रांति में अग्रणी बनता राजस्थान

सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ने कहा कि उद्यमियों के सबसे बड़े वैश्विक नेटवर्क टाई द्वारा पहली बार किसी नॉन-मेट्रो शहर के रूप में जयपुर का चयन राजस्थान को एआई हब के रूप में स्थापित करता है। यह ग्लोबल समिट नवाचार, निवेश और उद्यमिता को एक साझा मंच प्रदान कर रही है।
उन्होंने बताया कि समिट के तीन दिनों में 100 से अधिक स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों के समक्ष पिच करने का अवसर मिलेगा, जबकि 35 विश्वविद्यालय एआई और उभरती तकनीकों पर मंथन करेंगे।
निवेश, कौशल और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा

सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग के शासन सचिव डॉ. रवि कुमार सुरपुर ने कहा कि प्रदेश में तकनीक के माध्यम से निवेश, कौशल विकास और सेवा वितरण को सुदृढ़ किया जा रहा है। नवाचार को प्रयोगशालाओं से बाहर लाकर जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है।
टाई के सह-संस्थापक और निदेशक महावीर प्रताप शर्मा ने कहा कि यह समिट नीति निर्माण, रोजगार सृजन और तकनीकी उद्यमिता को नई दिशा देगी। एनवीडिया के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट शंकर त्रिवेदी ने कहा कि एआई हर क्षेत्र में नए अवसर पैदा कर रही है और राजस्थान डिजिफेस्ट इसके लिए एक प्रभावी मंच है।
टाई ग्लोबल के अध्यक्ष डॉ. मुरली बुक्कापटनम ने जयपुर में इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश के युवाओं को वैश्विक मंच से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
एमओयू हस्तांतरण और नए इनोवेशन की शुरुआत

उद्घाटन समारोह में सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग तथा 7 प्रतिष्ठित संस्थानों के बीच एमओयू का हस्तांतरण किया गया। साथ ही राजस्थान इनोवेशन हब के जोधपुर पोर्टल का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आईस्टार्ट की प्रगति और एआई विकास पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया।
समारोह में देश-विदेश से आए तकनीकी उद्यमी, विशेषज्ञ, शिक्षाविद, निवेशक, स्टार्टअप संस्थापक, विद्यार्थी और आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


